पालघर : पालघर शहर से लगभग 7 किलोमीटर दूर शिरगांव स्थित हज़रत पीर सैय्यद बाबा कमलीशाह की दरगाह पर शनिवार को सलाना भाईचारे और एकता का प्रतीक “उर्स मुबारक” मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस संबंध में कमलीशाह बाबा उर्स कमेटी, पालघर के अध्यक्ष ज़हीर यूसुफ़ लुलानिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक दिवसीय “उर्स मुबारक” मेले का आयोजन सुन्नी मुस्लिम सेवा संस्था एवं कमलीशाह बाबा उर्स कमेटी द्वारा किया गया। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए इस बार मेले की व्यवस्थाओं में कई अहम बदलाव किए गए और व्यवस्था को डिजिटल रूप दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक “उर्स मुबारक” के महत्व को प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक माने जाने वाले इस उर्स की तैयारियों में सुन्नी मुस्लिम सेवा संस्था, पालघर के माजी उपनगराध्यक्ष व नगरसेवक रईस मोबीन खान, नगरसेवक आरिफ कलाडिया, मुनाफ मेमन, सुल्तान शेख, हुसेन जुमानी, साबीर खान, इसरार खान, ईरफान खान, समीर शेख सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य कई दिनों से जुटे हुए थे। मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा। जगह-जगह पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए थे।
“उर्स मुबारक” में पालघर जिले के साथ-साथ मुंबई, गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में हिंदू-मुस्लिम सहित सभी धर्मों के श्रद्धालुओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में दिल्ली से आए मशहूर कव्वाल जुनैद सुल्तानी और चाँद कादरी ने अपनी सुरीली आवाज़ में कव्वाली पेश कर श्रोताओं का दिल जीत लिया। इस अवसर पर विधायक राजेन्द्र गावित, शिवसेना (एकनाथ शिंदे ) जिला अध्यक्ष कुंदन संखे, नगराध्यक्ष उत्तम घरत, कई नगरसेवक एवं बड़ी संख्या में अन्य मान्यवर उपस्थित रहे।

