Tuesday, June 17, 2025
No menu items!
More

    17-18 फरवरी को भारत मंडपम में आयोजित होगी BJP राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

    नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 17-18 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में होने वाली इस बैठक के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संबोधन देकर भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने का मंत्र देंगे।
    बैठक में देश की अर्थव्यवस्था को ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया जा सकता है। साथ ही राम मंदिर निर्माण पर भी धन्यवाद प्रस्ताव पास किया जाएगा।

    भारत मंडपम क्यों?
    अब तक दिल्ली में आयोजित होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एनडीएमसी या रामलीला मैदान जैसी जगहों पर होती रही है। लेकिन प्रगति मैदान में भारत मंडपम का निर्माण अपने आपमें केंद्र सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। भारत मंडपम में ही जी-20 के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की गई थी जिसके बाद यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। कहा जाता है कि इसकी निर्माण कला और तकनीकी अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप है।

    यही कारण है कि भाजपा देश भर से आने वाले अपने कार्यकर्ताओं को इसकी भव्यता दिखाकर इसका संदेश देश के आम लोगों तक पहुंचाना चाहती है। एक अनुमान है कि बीजेपी की इस बड़ी बैठक में नेता-कार्यकर्ता सहित पूरे देश से लगभग 15 हजार पार्टी पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।

    भविष्य का खाका भी होगा पेश
    बीजेपी के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि 1989 के पालमपुर अधिवेशन के बाद यह बैठक सबसे महत्त्वपूर्ण होगी। इसमें केंद्र सरकार के दस साल के कामकाज पर एक धन्यवाद प्रस्ताव आ सकता है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को ध्यान में रखते हुए देश को आगे ले जाने का एक खाका भी पेश किया जा सकता है। मोदी अगले 25 साल में देश को विकसित राष्ट्र बनाने का स्वप्न देख रहे हैं, इसके लिए भाजपा क्या नीति अपना सकती है, इसका एक विजन भी इस बैठक में दिखाई पड़ सकता है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular