Friday, April 10, 2026
No menu items!
More

    पालघर सड़क हादसे में शिवसेना (यूबीटी) की पूर्व प्रत्याशी की मौत

    केशव भूमि नेटवर्क / पालघर : पालघर में बुधवार देर रात नवली रेलवे ब्रिज पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की पूर्व पालघर नगर परिषद प्रत्याशी 38 वर्षीय पूनम जितेंद्र सांगडे की मौत हो गई। पूनम अपने परिवार के साथ नवली जिला परिषद स्कूल के पास स्थित सिद्धेश्वर रेसिडेंसी में रहती थीं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बुधवार रात पूनम अपनी एक पड़ोसी महिला के साथ टहलने (वॉकिंग) के लिए निकली थीं। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल (MH48 DS 6574) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गयी थी ।वही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पूनम को तत्काल पालघर रिलीफ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक नशे की हालत में थे। हादसे में दोनों युवक भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश पाटिल द्वारा की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए पालघर नगर परिषद चुनाव में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने पूनम सांगडे को वार्ड क्र. 04 से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular