पालघर : पालघर में बजरंग दल के कार्यकर्ता मुकेश दुबे और उनके बेटे पर युवकों के एक झुंड द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में मुकेश दुबे के बेटे आदित्य दुबे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल आदित्य को उपचार के लिए आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया है। घटना की शिकायत मिलते ही पालघर पुलिस ने रिजवान शेख, विरार के रहने वाले राहुल पाटिल , अब्दुल साजिद शेख, मंथन विलास चव्हाण, क्रिश जितेंद्र उपाध्याय, अथर्व अनिल पटाले और प्रशांत सोनुराम मौर्या के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पालघर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, शुक्रवार को यह घटना उस समय हुई जब मुकेश दुबे अपने बेटे आदित्य दुबे के साथ मोटरसाइकिल से पालघर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान घोलविरा नाका इलाके में आदित्य दुबे ने बीच सड़क पर चल रहे कुछ छात्र-युवकों से सड़क के किनारे चलने को कहा।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर सभी युवक मुकेश दुबे और उनके बेटे से गाली-गलौज करने लगे। सड़क पर चलने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान 23 वर्षीय आदित्य दुबे के सिर में गहरी चोट लग गई, जिससे उसका सिर फूट गया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। फिलहाल पालघर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

