पालघर : पालघर–बोईसर सड़क पर जीवन विकास स्कूल के पास बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पालघर के फोटोग्राफर राहुल दवे का इलाज के दौरान शुक्रवार (10 अप्रैल 2026 ) को निधन हो गया। हादसे के बाद उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए पालघर के रिलीफ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के दिन राहुल दवे बोईसर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जीवन विकास स्कूल के पास उन्हें फोन आया। फोन आने के बाद जब वे पालघर की ओर वापस लौटने के लिए अपनी मोटरसाइकिल मोड़ रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल सवार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहुल दवे को पालघर के रिलीफ हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं दूसरे मोटरसाइकिल सवार को उपचार के लिए बोईसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह बोईसर का निवासी है। इस घटना से पालघर में शोक की लहर फैल गई है, क्योंकि राहुल दवे शहर के जाने-माने फोटोग्राफर के रूप में पहचाने जाते थे।


