यातायात व्यवस्था में बदलाव, गुजरात से मुंबई की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
पालघर। गणपति विसर्जन मिरवणुकों के मद्देनजर मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 48 पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। गौरी-गणपति विसर्जन, सात दिवसीय गणपति विसर्जन तथा अनंत चतुर्दशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सड़कों पर उतरने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ऐसी जानकरी पालघर जिला पुलिस प्रशासन यानि एसपी द्वारा दी गई है ।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक ठाणे पुलिस आयुक्तालय तथा मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी यातायात अधिसूचना के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर नियंत्रण रहेगा। इसके चलते मीरा-भाईंदर, वसई-विरार क्षेत्र के खानीवडे टोल नाका के आसपास भारी वाहनों को रोका जाएगा। इससे पालघर जिले की सीमा में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 48 पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
इन मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद
मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पालघर जिले में गुजरात की ओर से घोड़बंदर, वसई, ठाणे, मुंबई और नवी मुंबई की दिशा में जाने वाले सभी भारी वाहनों के प्रवेश पर कुछ समय के लिए रोक रहेगी। इस संबंध में पालघर जिलाधिकारी के आदेशानुसार यातायात नियंत्रण अधिसूचना जारी की गई है।
इन तारीखों और समय में रहेगा प्रतिबंध
भारी वाहनों के प्रवेश पर , 20 सितंबर 2026 और 25 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे से गणपति विसर्जन की मिरवणूक समाप्त होने तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
वाहनों को इन स्थानों पर रोका जाएगा
गुजरात की ओर से आने वाले भारी वाहनों को आवश्यकता के अनुसार आच्छाड नाका, चारोटी टोल नाका से मनोर के बीच स्थित होटल, ढाबे, पेट्रोल पंप तथा उपलब्ध सुरक्षित पार्किंग स्थलों पर कुछ समय के लिए पार्क कराया जाएगा। प्रशासन ने भारी वाहन चालकों और मालिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पालघर पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह यातायात नियंत्रण व्यवस्था अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगी।

