पालघर : महाराष्ट्र शासन के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता व नवोन्मेष विभाग के अंतर्गत पालघर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए इस्राइल में रोजगार का बड़ा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसी जानकारी पालघर कलेक्टर कार्यालय द्वारा दी गयी है।
जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र की सहायक आयुक्त रेणुका तम्मलवार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस्राइल में “होम बेस्ड केयरगिवर” (घरेलू सहाय्यक) क्षेत्र में करीब 5000 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिले के पात्र युवक-युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
इस योजना के तहत 25 से 45 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान हो। साथ ही उम्मीदवारों के पास केयरगिवर (घरेलू सहाय्यक) सेवाओं से संबंधित भारत के मान्यता प्राप्त प्राधिकरण द्वारा जारी कम से कम 120 घंटे का प्रशिक्षण प्रमाणपत्र (ऑन-जॉब ट्रेनिंग सहित) होना आवश्यक है।
इसके अलावा मिडवाइफरी, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बीएससी नर्सिंग जैसी शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे।
इस्राइल में नौकरी के लिए चयन प्रक्रिया महाराष्ट्र में ही आयोजित की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल बीमा, रहने और भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
वेतन की बात करें तो योग्य उम्मीदवारों को प्रति माह लगभग ₹1 लाख 61 हजार तक का आकर्षक वेतन दिया जाएगा।
प्रशासन ने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे इस अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसर का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा दें।

