पालघर: शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के युवा संगठन युवासेना ने पालघर जिले में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम उठाते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। ये नियुक्तियां उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश तथा सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के मार्गदर्शन में की गई हैं।
महाराष्ट्र राज्य युवासेना सचिव किरण साली और मुख्य सचिव राहुल लोंढे द्वारा इन नियुक्तियों को औपचारिक रूप से घोषित किया गया। घोषित सूची के अनुसार, साईराज कल्पक पाटील को पालघर व डहाणू विधानसभा क्षेत्र का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अवदित सिंह को पालघर विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा लगभग 13 अन्य युवाओं को भी विभिन्न पदों पर नियुक्त कर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
युवासेना के मध्यवर्ती कार्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि पालघर एवं डहाणू विधानसभा क्षेत्रों में आगामी 15 दिनों के भीतर संगठन की नई संरचना तैयार की जाए। साथ ही सदस्यता अभियान को तेज करने तथा S.I.R. मतदाता सूची प्रक्रिया को लेकर विस्तृत रिपोर्ट ठाणे स्थित कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि नई टीम के गठन से युवासेना को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

