खस्ताहाल सड़क और बढ़ते हादसों पर जताई चिंता, मई अंत तक 50–60% काम पूरा करने का लक्ष्य
पालघर : पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने सोमवार को मनोर–वाडा तथा वाडा–भिवंडी महामार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस मार्ग की खराब स्थिति के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढे, अधूरे निर्माण कार्य और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
निरीक्षण दौरे की शुरुआत कंचाड स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय में बैठक के साथ हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा निर्माण कार्य से जुड़ी ईगल कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद ने नागरिकों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सीधी चर्चा की और अधूरे कार्य, बढ़ती दुर्घटनाओं तथा यातायात अव्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की।इसके बाद सांसद ने महामार्ग पर जाकर मौके का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए गए। पाली क्षेत्र स्थित पुल का भी निरीक्षण किया गया।आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सड़क कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए गए।
मनोर से वाडा तक करीब 23 किलोमीटर लंबे मार्ग में से 12 से 13 किलोमीटर तक एक लेन का कार्य मई के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही सड़क के गड्ढों को तुरंत भरने, दुर्घटनाग्रस्त ‘ब्लैक स्पॉट’ को सुधारने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बरसात के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक वार्डन की नियुक्ति, जेसीबी मशीनों की उपलब्धता, खड़ी (ग्रेवल) का स्टॉक और अन्य आवश्यक संसाधन तैयार रखने के आदेश भी दिए गए।
सांसद ने कहा कि “मई के अंत तक लगभग 50 से 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो जाएगा। नागरिक भी विशेषकर ब्लैक स्पॉट वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ पार्टी कार्यकर्ता, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

